जयपुर , अप्रैल 26 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को राजस्थान दौरे पर आयेंगे जहां वह पार्टी के सात जिला कार्यालयों का उद्घाटन करेंगे।

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने रविवार को यहां मीडिया को बताया कि श्री नवीन का अध्यक्ष बनने के बाद यह पहला प्रदेश दौरा है और राजधानी जयपुर में उनके स्वागत में पारंपरिक राजस्थानी रीति-रिवाजों के साथ भव्य आयोजन किए जाएंगे।

श्री बगड़ी ने बताया कि तय कार्यक्रम के अनुसार श्री नवीन प्रातः 10:30 बजे जयपुर हवाई अड्डे पहुंचेंगे और वहां से 11:15 बजे टोंक पहुंचेंगे जहां वह टोंक में 11:30 बजे भाजपा जिला कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही बूंदी, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, चूरू, पाली एवं बाड़मेर जिला कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन तथा जालौर जिला कार्यालय का वर्चुअल शिलान्यास भी करेंगे।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित प्रदेश पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकर्ताओं एवं आमजन को संबोधित करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित