जयपुर , सितंबर 23 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 25 सितम्बर को राजस्थान दौरे पर जयपुर आएंगे, जहां वह निकाय चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत पर आयोजित अभिनंदन समारोह को सम्बोधित एवं पार्टी के पंचायत चुनाव अभियान का शुभारम्भ करेंगे।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने बुधवार को यहां मीडिया को बताया कि श्री नवीन को प्रातः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में पार्टी द्वारा चलाये जा रहे सेवा संकल्प अभियान में प्रातः साढे़ सात बजे अल्बर्ट हॉल में आयोजित स्वच्छता सेवा कार्यक्रम में रहेंगे।

उन्होंने बताया कि एकात्म मानव दर्शन के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती भी उस दिन है। इस अवसर पर बगरू के गांव दादिया में पूर्वाह्न 11 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म जयंती पर विशाल कार्यक्रम होगा जिसमें प्रदेश के नगर निकाय चुनाव में विजयी हुए भाजपा पार्षद तथा प्रत्याशियों का स्वागत समारोह रखा जाएगा। समारोह में जनप्रतिनिधि सहित पार्टी के सभी जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी सहित 50 हजार कार्यकर्ता सम्मिलित होंगे। समारोह कार्यक्रम को श्री नितिन नवीन सम्बोधित करेंगे।

श्री बगड़ी ने बताया कि श्री नवीन दादिया से ही भाजपा के पंचायत चुनाव अभियान का शुभारम्भ करेंगे। वह यहां से 90 प्रचार रथों को रवाना करेंगे, जो प्रदेश के पंचायत चुनाव के लिए हर पंचायत तक पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की डबल इंजन सरकारों द्वारा लोक कल्याण के कामों एवं ग्रामीण विकास की विभिन्न योजनाओं- उपलब्धियों को जनता के बीच ले जायेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित