नयी दिल्ली , मई 16 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार से ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे और इस दौरान वह भुवनेश्वर और पुरी में कई उच्चस्तरीय संगठनात्मक बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों के साथ संवाद करेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रमुख डॉ. संजय मयूख ने शनिवार को यहां बताया कि श्री नवीन कल ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वह भुवनेश्वर और पुरी में कई उच्चस्तरीय संगठनात्मक बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारियों के साथ संवाद करेंगे। उनका ओडिशा प्रवास राज्य में संगठन को और मजबूती प्रदान करेगा। पार्टी कार्यकर्ताओं में नवीन ऊर्जा का संचार होगा तथा पार्टी की गतिविधियों को भी एक नयी दिशा देगा।

उन्होंने बताया कि श्री नवीन रविवार रात्रि 10:30 बजे भुवनेश्वर स्थित बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेंगे। वह सोमवार सुबह 08:30 बजे भुवनेश्वर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में राज्य कोर कमेटी की बैठक करेंगे। इसके प्रश्चात वे पूर्वाह्न 10:30 बजे से कोहेन इंटरनेशनल स्कूल एवं स्वास्ति इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड सोशल स्टडीज में भाजपा के जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे।

उन्होंने कहा कि श्री नवीन अपराह्न 1:15 पवित्र पुरी धाम में भगवान् जगन्नाथ के दर्शन और पूजन-अर्चन करेंगे। इसके बाद अपराह्न 2:00 बजे भाजपा के लोक सभा सांसद एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ संबित पात्रा के आवास पर महाप्रसाद ग्रहण करेंगे। श्री नवीन शाम चार बजे भुवनेश्वर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश के पार्टी पदाधिकारियों और मोर्चा अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इसके बाद शाम 18:00 बजे से वह यहीं मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित