भुवनेश्वर , मार्च 16 -- बीजू जनता दल (बीजद) अध्यक्ष एवं ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने सोमवार को राज्यसभा चुनाव के दौरान ब्रह्मगिरी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक उपासना महापात्र को दूसरा मतपत्र जारी किये जाने पर कड़ा ऐतराज जताया।

श्री पटनायक ने इस कदम को 'अलोकतांत्रिक, असंवैधानिक और चुनावी प्रक्रियाओं का उल्लंघन' करार दिया। राज्यसभा की चार सीटों के लिए मतदान के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि ब्रह्मगिरी की विधायक ने अपना वोट डालते समय स्पष्ट रूप से गलती की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थापित चुनावी प्रक्रियाओं के विपरीत भाजपा विधायक को फिर से वोट डालने के लिए दूसरा मतपत्र जारी किया गया। उन्होंने इस कार्रवाई को पूरी तरह से अवैध और लोकतांत्रिक मानदंडों के खिलाफ बताया।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी सुश्री महापात्र को दूसरा मतपत्र जारी करने के फैसले पर कड़ा विरोध दर्ज कराती है। बीजद के कई सदस्यों ने उसी समय आपत्ति जतायी थी, लेकिन उनकी चिंताओं को नजरअंदाज कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित