नयी दिल्ली , सितंबर 17 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने श्री मोदी को राष्ट्रसेवा और समर्पण का पर्याय बताते हुए 140 करोड़ देशवासियों का नेता कहा।

श्री नवीन ने कहा, "आज 17 सितंबर का दिन भगवान विश्वकर्मा की पूजा और आराधना का दिन है और सृष्टि के रचयिता के साथ-साथ यह हमारे आधुनिक भारत के निर्माता श्री मोदी जी का जन्मदिन भी है। सबसे पहले मैं देश के प्रधान सेवक को उनके जन्मदिन पर बधाई देता हूं और उनके दीर्घायु होने तथा शानदार कार्यकाल की कामना करता हूं।"उन्होंने कहा, "आज हम उनके (श्री मोदी) जन्मदिन को 'सेवा दिवस' के रूप में मना रहे हैं और आज ही हमारे 'सेवा संकल्प अभियान' की शुरुआत भी हो रही है। आज देशभर में भाजपा के हजारों कार्यकर्ता 'रक्तदान महादान' के संकल्प के साथ इस अभियान की शुरुआत कर रहे हैं और यह हम सभी का सौभाग्य है कि आज हम सभी इस 'रक्तदान महादान' कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।"भाजपा अध्यक्ष ने कहा, "आज उनके (श्री मोदी) जन्मदिन पर जैसे समाज में बदलाव आए हैं, लोगों की सोच में परिवर्तन दिखाई दिया है और लोगों के जीवन में बदलाव आया है, उसी तरह आज सभी देशवासी मिलकर 'आशीर्वाद का दीया' जलाएंगे और प्रधानमंत्री जी के शानदार एवं दीर्घायु जीवन के लिए प्रार्थना करेंगे, ताकि आज विकास के रास्ते पर सबसे आगे बढ़ रहा भारत, विकसित भारत के रूप में आगे बढ़ते हुए वैश्विक मंच पर अपनी अलग पहचान बनाता रहे और श्री मोदी के नेतृत्व में 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार किया जा सके।" इस मौके पर श्री नवीन ने पार्टी मुख्यालय में युवा मोर्चा द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदान किया।

उन्होंने कहा कि 'राष्ट्र प्रथम' के संकल्प के साथ आपकी यात्रा सेवा, सुशासन और जनकल्याण की प्रेरणादायक गाथा रही है। यह यात्रा केवल किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि देशवासियों के सामूहिक सपने की भी है, जिसे आपने अपने कार्यों और तपस्या से दिशा दी है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि श्री मोदी के मार्गदर्शन में भारत विकास और आत्मनिर्भरता के नए आयाम गढ़ रहा है तथा अपनी नयी पहचान और शक्ति के साथ वैश्विक मंच पर लगातार आगे बढ़ रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित