इंदौर , जून 15 -- आदित्य बिड़ला ग्रुप मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप 2026 में रीवा जैगुआर्स के तेज गेंदबाज नवीन चौहान ने अंतिम ओवर में शानदार हैट्रिक लेकर ग्वालियर चीता के खिलाफ 23 रन की जीत दिलाई। होलकर स्टेडियम, इंदौर में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में नवीन ने टूर्नामेंट की पहली हैट्रिक दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए रीवा जैगुआर्स ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 238 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस स्कोर में अक्षत रघुवंशी, अनंत वर्मा और सागर सोलंकी की विस्फोटक पारियों का अहम योगदान रहा।
जैगुआर्स को शुरुआती झटका तब लगा जब पृथ्वीराज तोमर मात्र 8 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद अक्षत रघुवंशी और अरहम अकील ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी की। अरहम ने 29 गेंदों में 37 रन बनाए, जबकि अक्षत ने 33 गेंदों पर 60 रन की शानदार पारी खेली।
इसके बाद अनंत वर्मा और सागर सोलंकी ने चौथे विकेट के लिए 46 रन जोड़े। अनंत ने सिर्फ 19 गेंदों में 44 रन की तेजतर्रार पारी खेली। वहीं अथर्व महाजन पहली ही गेंद पर आउट हो गए।इसके बाद सागर सोलंकी ने अंतिम ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में नाबाद 58 रन बनाए और टीम को 238 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया। ग्वालियर चीता की ओर से कार्तिक परिहार सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।
239 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ग्वालियर चीता की शुरुआत खराब रही और कार्तिक परिहार दूसरी ही गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद पार्थ चौधरी और कुलदीप गेही ने दूसरे विकेट के लिए 51 रन जोड़कर टीम को संभालने की कोशिश की। गेही ने 15 गेंदों में 27 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होने के बाद विकेट गिरने का सिलसिला जारी हो गया। 115 रन पर चार विकेट गिरने के बाद कप्तान रजत पाटीदार और विकास शर्मा ने जवाबी हमला बोला और 39 रन की साझेदारी की, लेकिन यह काफी नहीं था। भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके रजत पाटीदार ने 23 गेंदों में 45 रन की कप्तानी पारी खेली, जबकि विकास शर्मा ने 18 गेंदों में 31 रन बनाए। दोनों के आउट होने के बाद ग्वालियर की टीम 16वें ओवर में 174/6 के स्कोर पर संघर्ष करती नजर आई। अंत में अर्पित पटेल ने कुछ दमदार शॉट्स लगाकर मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा, लेकिन लक्ष्य के आगे उनकी यह पारी बौनी साबित हुई। मैच का सबसे यादगार क्षण अंतिम ओवर में देखने को मिला, जब नवीन चौहान ने एमपीएल 2026 की पहली हैट्रिक पूरी की। उन्होंने लगातार तीन गेंदों पर ईशान अफरीदी, आकाश सिंह और सौम्य पांडे को आउट किया। नवीन ने 3/11 के शानदार गेंदबाजी आंकड़ों के साथ पारी समाप्त की और ग्वालियर चीता को 20 ओवर में 215/9 तक सीमित रखते हुए रीवा जैगुआर्स को शानदार जीत दिलाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित