पटना , मई 11 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को कहा कि नवीन किशोर सिन्हा पथ (मंदिरी नाला पथ) फोर लेन सड़क को 31 मार्च 2027 तक जेपी गंगापथ से जोड़ दिया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज नवीन किशोर सिन्हा पथ (मंदिरी नाला पथ) का लोकार्पण किया। पटना स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 115.08 करोड़ रुपये की लागत से मंदिरी नाले पर 1289 मीटर लंबी फोर लेन सड़क का निर्माण कराया गया है। नाले का जीर्णोद्धार कर उसे ढका गया है और उसके ऊपर सड़क बनाई गई है। यह पथ इनकम टैक्स चौराहा को अशोक राजपथ से जोड़ेगा। परियोजना के तहत आधुनिक ड्रेनेज प्रणाली, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और सुगम यातायात की सुविधा विकसित की गई है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने स्वर्गीय नवीन किशोर सिन्हा को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इस क्षेत्र से उनका व्यक्तिगत लगाव रहा है। उन्होंने कहा कि पहले मंदिरी नाला खुला रहने के कारण यह क्षेत्र अव्यवस्थित और प्रदूषित था, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती थी। अब फोर लेन सड़क बनने से क्षेत्र की सुंदरता बढ़ी है और लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

श्री चौधरी ने कहा कि इस सड़क को जेपी गंगापथ से जोड़ने का कार्य 31 मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए गये हैँ। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से पूरा इलाका आवासीय क्षेत्र से व्यावसायिक क्षेत्र के रूप में विकसित होगा और यहां बड़े मॉल एवं शोरूम खुलने की संभावनाएं बढ़ेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित