जयपुर , मार्च 17 -- राजस्थान विश्वविद्यालय में नवीकरणीय ऊर्जा पर दो दिवसीय तृतीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन (आईसीआरई,2026) का मंगलवार से आयोजन किया गया।
हाईब्रिड मोड (ऑनलाइन एवं ऑफलाइन) में सेंटर फोर नोन-कंवेंशनल एनर्जी रिसोर्सेस (सीएनसीईआर) एवं भौतिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में यह सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में हो रहे नवीन अनुसंधान, तकनीकी प्रगति तथा वैश्विक सहयोग को प्रोत्साहित करना है। उद्घाटन सत्र में भौतिक विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. एस. के. गुप्ता द्वारा स्वागत उद्धबोधन दिया गया। इसके पश्चात् सम्मेलन के संयोजक एवं सीएनसीईआर के निदेशक डॉ छगन लाल ने सम्मेलन की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी दी।
सम्मेलन के विशेष अतिथि के रूप में आईआईटी तिरुपति के प्रो. मुथु कुमार तथा अतिथि- विशेष के रूप में आईआईटी बॉम्बे की प्रो. प्रतिभा शर्मा ने अपना संबोधन दिया।
दो दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 13 समानांतर तकनीकी सत्र आयोजित किये जायेंगे,जिनमें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विषेषज्ञों द्वारा लगभग 20 आमंत्रित व्याख्यान दिये जाएंगे।
इसके अतिरिक्त देश-विदेश के शोधकर्ताओं द्वारा 300 से अधिक शोधपत्रों एवं पोस्टर प्रस्तुतियों के माध्यम से नवीकरणीय ऊर्जा के विभिन्न आयामों पर अपने शोध कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगे।
सम्मेलन का ऑनलाइन प्रसारण जूम प्लेटफार्म के माध्यम से भी किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश के वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद् एवं विद्यार्थी भाग लेकर नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में नवीन विचारों एवं तकनीकी विकास पर अपने-अपने विचार रख रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित