रायपुर , सितंबर 10 -- छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर अटल नगर में हॉस्पिटैलिटी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (आईएचसीएल) 111 कमरों वाला जिंजर होटल विकसित करेगी। कंपनी ने इस ब्राउनफील्ड परियोजना के लिए ईसीएचटी वेंचर्स के साथ साझेदारी की है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को कहा कि नवा रायपुर में आईएचसीएल के जिंजर होटल की परियोजना राज्य के प्रति निवेशकों के बढ़ते विश्वास और शहर की राष्ट्रीय स्तर पर बन रही पहचान को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि बेहतर हॉस्पिटैलिटी सुविधाओं के विस्तार से यहां आने वाले निवेशकों, उद्यमियों, पेशेवरों और पर्यटकों को सुविधा मिलने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि नवा रायपुर को आधुनिक, सुविधायुक्त और निवेश अनुकूल शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह शहर प्रशासनिक केंद्र के साथ निवेश, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन और आधुनिक सेवाओं के प्रमुख केंद्र के रूप में भी उभर रहा है।

वित्त एवं आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि जिंजर होटल की परियोजना नवा रायपुर के तेजी से विकसित हो रहे बिजनेस और हॉस्पिटैलिटी इकोसिस्टम को मजबूती देगी। विश्वस्तरीय संस्थानों, निवेश परियोजनाओं और कॉर्पोरेट गतिविधियों के विस्तार के साथ शहर में गुणवत्तापूर्ण आवास और आतिथ्य सुविधाओं की मांग बढ़ रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित