रायपुर , अगस्त 17 -- छत्तीसगढ़ की आधुनिक प्रशासनिक राजधानी के रूप में विकसित नवा रायपुर अटल नगर अब औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए केंद्र के रूप में भी उभर रहा है। टेक्सटाइल, फार्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), सूचना प्रौद्योगिकी, डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में प्रस्तावित एवं जारी निवेश से आने वाले वर्षों में हजारों रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार नवा रायपुर के लेयर-2 स्थित ग्राम कुर्रू में 100 एकड़ क्षेत्र में टेक्सटाइल पार्क विकसित किया जा रहा है। इसके लिए छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (सीएसआईडीसी) को भूमि आवंटित की गई है। स्विफ्ट टेक्सटाइल प्राइवेट लिमिटेड ने जून 2026 में 235 करोड़ रुपये के निवेश से गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का भूमिपूजन किया है। इस इकाई से करीब 4,650 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

इसके अलावा पुनीत क्रिएशन के साथ 175 करोड़ रुपये के निवेश का समझौता हुआ है। टेक्सटाइल पार्क में विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से लगभग 10 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

फार्मा क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए नवा रायपुर के सेक्टर-22 में 132 एकड़ क्षेत्र में फार्मा पार्क विकसित किया जा रहा है। परियोजना में करीब दो हजार करोड़ रुपये के निवेश और लगभग 1,400 रोजगार सृजन का लक्ष्य है। टोरेंट फार्मा, एविला फार्मास्युटिकल्स और विटालिस हेल्थ के साथ कुल 735 करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापन (एमओयू) किए जा चुके हैं।

इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में भी निवेश शुरू हुआ है। यश फैंस ने 110 करोड़ रुपये के निवेश से होम अप्लायंसेज निर्माण इकाई शुरू की है। इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र के लिए इलेक्ट्रॉनिक कॉमन फैसिलिटी सेंटर को केंद्र सरकार से स्वीकृति मिली है, जहां पीसीबी प्रोटोटाइपिंग, थ्री-डी प्रिंटिंग और ईएमसी टेस्टिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

नवा रायपुर में एमएसएमई क्षेत्र के विस्तार पर भी जोर दिया जा रहा है। सेक्टर-05 में विनिर्माण उद्योगों के लिए भूमि आवंटित की गई है। यहां वर्तमान में एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलने और भविष्य में यह संख्या 12 हजार से अधिक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

आईटी क्षेत्र के लिए शहर में दो हजार सीटों वाला प्लग एंड प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया गया है, जहां स्क्वायर बिजनेस सर्विसेज, व्राइज इंडिया और विजन प्लस जैसी कंपनियां काम कर रही हैं।

नवा रायपुर को डिजिटल और उच्च प्रौद्योगिकी आधारित औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भी परियोजनाएं आगे बढ़ रही हैं। सेक्टर-22 में सीबीडी रेलवे स्टेशन के पास करीब एक हजार करोड़ रुपये की लागत से एआई आधारित डेटा सेंटर पार्क विकसित किया जा रहा है। रैकबैंक करीब 13.5 एकड़ में इसे विकसित कर रही है और इसका एक हिस्सा विशेष आर्थिक क्षेत्र (एसईजेड) के रूप में विकसित किया जाना है। इसके अलावा सीटीआरएलएस की भी यहां डेटा सेंटर स्थापित करने की योजना है।

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इंजीनियरिंग आधारित दूसरे एसईजेड को भी मंजूरी मिल चुकी है। इसमें पॉलीमेटेक इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड द्वारा 5जी और 6जी तकनीक के लिए गैलियम नाइट्राइड (GaN) आधारित सेमीकंडक्टर चिप के उत्पादन की योजना है।

औद्योगिक गतिविधियों के साथ परिवहन और लॉजिस्टिक्स अधोसंरचना के विस्तार की भी तैयारी है। नवा रायपुर में सीबीडी रेलवे स्टेशन संचालित है, जबकि सेक्टर-1 और सेक्टर-40 में आधुनिक लॉजिस्टिक्स हब प्रस्तावित हैं।

टेक्सटाइल पार्क में करीब 10 हजार, फार्मा पार्क में लगभग 1,400 और एमएसएमई क्षेत्र में भविष्य में 12 हजार से अधिक रोजगार की संभावनाओं के साथ नवा रायपुर की पहचान प्रशासनिक राजधानी से आगे बढ़कर औद्योगिक एवं रोजगार केंद्र के रूप में विकसित होने की दिशा में है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित