नवादा, मार्च 18 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा कि नवादा जिले में परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है, जिससे सस्ती बिजली और बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

श्री चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान नवादा जिले के आईटीआई मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि नवादा की पहचान भी कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में थी, लेकिन अब यहां शांति और विकास का माहौल है। उन्होंने कहा कि राज्य में विकास का रास्ता सड़कों से होकर गुजरता है और आज बिहार की सड़कों की स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है।

श्री चौधरी ने बताया कि नवादा में मेडिकल कॉलेज का निर्माण हो रहा है और पानी की समस्या को दूर करने के लिए गंगा से जलापूर्ति की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि फुलवरिया डैम को विकसित किया जा रहा है और बड़े पैमाने पर मछली पालन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नवादा में परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है, जिससे सस्ती बिजली और बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में बिहार विकास की राह पर लगातार आगे बढ़ता रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित