देवरिया , मई 09 -- उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शनिवार को कहा कि नवाचारी तकनीक किसानों तक अधिक से अधिक पहुंचा कर उन्हें लाभान्वित किया जाये।
कृषि भवन का लोकार्पण करने बाद श्री शाही ने विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह कृषि भवन काफी पुराना एवं जर्जर हो चुका था, जिससे विभागीय कार्यों के संचालन में असुविधा हो रही थी। इसी को देखते हुए भवन का जीर्णोद्धार कराया गया है। उन्होंने कहा कि अब भवन पूरी तरह व्यवस्थित एवं कार्य के अनुकूल हो गया है, जिससे विभागीय कार्यों के संचालन में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं को किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर देते हुए कहा कि सरकार की सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाए। साथ ही कृषि क्षेत्र में आधुनिक एवं नवाचारी तकनीकों को किसानों तक पहुंचाकर उन्हें अधिक से अधिक लाभान्वित किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित