फगवाड़ा , अक्टूबर 07 -- पंजाब में नवांशहर पुलिस ने अमेरिका में रह रहे गैंगस्टर गौरव उर्फ लक्की पटियाल गिरोह से कथित रूप से जुड़े पांच लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन पिस्तौल, 13 कारतूस और चोरी की एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद हथियारों में एक विदेशी निर्मित पिस्तौल भी शामिल है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तुषार गुप्ता ने बुधवार को बताया कि आरोपियों की पहचान सल खुर्द निवासी करन राम उर्फ अल्ला, नडालों निवासी सतनाम सिंह उर्फ सबी, लाडिया निवासी तरलोचन सिंह उर्फ तेजा, फराला निवासी करन कुमार और गढ़पधाना निवासी गुरदीप सिंह के रूप में हुई है। कार्रवाई सीआईए स्टाफ नवांशहर और सिटी बंगा पुलिस ने की।

पुलिस के अनुसार लक्की पटियाल कथित तौर पर आरोपियों को जालंधर और चंडीगढ़ में दो लोगों को निशाना बनाने काकाम सौंपने की तैयारी में था। पुलिस का दावा है कि बरामद हथियार तरनतारन से उपलब्ध कराए गए थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गुरदीप सिंह और करन राम का नाम कुछ दिन पहले बंगा में हुई गोलीबारी की घटना में सामने आया है, जबकि करन कुमार पर उन्हें हथियार उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस के अनुसार करन राम के खिलाफ हथियार अधिनियम, लूट और एनडीपीएस अधिनियम सहित पांच मामले तथा करन कुमार के खिलाफ दो मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दावा किया कि करन कुमार ने माखन कंग हत्याकांड में शामिल कथित शूटरों को भी मदद मुहैया कराई थी। मामले में लक्की पटियाल और इंग्लैंड में रह रहे बलजीत सिंह उर्फ बल्ल को भी नामजद किया गया है। बलजीत की आपराधिक गतिविधियों में कथित भूमिका की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित