नवांशहर , जनवरी 29 -- पंजाब में नवांशहर के जिला मजिस्ट्रेट गुलप्रीत सिंह औलख ने श्री गुरु रविदास महाराज के प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में 31 जनवरी को आधे दिन की छुट्टी घोषित की है।
गुरुवार को यहां जारी आदेश में जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि शहीद भगत सिंह नगर जिले के विभिन्न स्थानों पर निकाली जाने वाली शोभा यात्रा में भाग लेने के लिए जिले के सरकारी/ अर्ध-सरकारी विद्यालयों, कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों में 31 जनवरी, 2026 (शनिवार) को दोपहर में आधे दिन की छुट्टी रहेगी। उन्होंने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय एवं शिक्षा आयुक्त) विद्यालयों/ कॉलेजों में इस आदेश को तत्काल लागू करने के लिए उत्तरदायी होंगे। जिला मजिस्ट्रेट ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि श्री गुरु रविदास मंदिर प्रबंधन समिति (पंजीकृत), नवांशहर ने अपने आवेदन के माध्यम से इस कार्यालय से अनुरोध किया है कि श्री गुरु रविदास जी महाराज की 649वीं जयंती 31 जनवरी, 2026 और एक फरवरी, 2026 को अत्यंत श्रद्धापूर्वक मनायी जा रही है। इस संबंध में, 31 जनवरी, 2026 को पूरे नवांशहर और जिले के विभिन्न गांवों में एक भव्य जुलूस निकाला जाएगा। विद्यालय और महाविद्यालय के छात्र भी इसमें भाग लेंगे। अतः, जिले के विभिन्न स्थानों पर निकाले जाने वाले जुलूस में भाग लेने के लिए 31 जनवरी 2026 को दोपहर में जिले के सरकारी/अर्ध-सरकारी विद्यालयों, महाविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में आधे दिन की छुट्टी घोषित की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित