कोटद्वार , मार्च 18 -- उत्तराखंड विधानसभा की अध्यक्ष ऋतु खण्डूरी ने बुधवार को कहा है कि नवसंवत्सर समृद्ध भारतीय संस्कृति, परंपराओं और प्रकृति के साथ गहरे संबंध का प्रतीक है।
श्रीमती खंडूरी आज पौड़ी गढ़वाल जनपद अंतर्गत कोटद्वार उपनगर में हिन्दू नव सम्वत वर्ष की पूर्व संध्या पर "नवसंवत्सर अभिनंदन समारोह समिति द्वारा आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में बोल रही थी।
उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में कहा कि यह केवल तिथि परिवर्तन नहीं, बल्कि नव ऊर्जा, नव उत्साह और नए संकल्पों के साथ जीवन को आगे बढ़ाने का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से प्रारंभ होने वाला नवसंवत्सर हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति, परंपराओं और प्रकृति के साथ हमारे गहरे संबंध का प्रतीक है। इस अवसर पर उन्होंने सभी से अपने सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजने, समाज में सकारात्मकता फैलाने और एकजुट होकर प्रदेश एवं देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक एवं आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। देशभक्ति, लोकसंस्कृति एवं पारंपरिक विषयों पर आधारित प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक जुड़ाव को देखकर श्रीमती भूषण ने उनकी सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित