भरतपुर , मार्च 22 -- राजस्थान में भरतपुर के रुदावल थाना क्षेत्र में बंशी पहाड़पुर में तीन महीने पहले ही निकाह करने वाली एक नवविवाहिता द्वारा फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने का मामला सामने आया है।
पुलिस सू्त्रों ने बताया कि मृतका नगमा की शादी फिरोजाबाद निवासी कुरान से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी में पर्याप्त दान-दहेज देने के बावजूद उसका पति कुरान शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था और लगातार मोटर साइकिल की मांग कर रहा था।
सूत्रों ने बताया कि नगमा शनिवार रात अपने कमरे में अकेली सो रही थी, जबकि उसका पति दूसरे कमरे में था। सुबह जब पति कमरे में पहुँचा तो नगमा का शव पंखे के कुंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुँचे मृतका के भाई शनि ने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित