उज्जैन , जून 10 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में नवविवाहिता को कथित रूप से जबरन सल्फास खिलाकर उसकी हत्या करने के मामले में पुलिस ने पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के बरथून गांव निवासी एक नवविवाहिता को दो जून को जहरीला पदार्थ सेवन करने की स्थिति में नागदा के जनसेवा अस्पताल ले जाया गया था। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे उज्जैन के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। उपचार के दौरान कार्यपालिक दंडाधिकारी द्वारा उसके मरणासन्न कथन दर्ज किए गए।
मरणासन्न कथन में महिला ने आरोप लगाया था कि उसके पति बालकदास बैरागी ने उसके साथ मारपीट कर जबरन सल्फास की गोली खिलाई थी। उपचार के दौरान पांच जून को उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद भाटपचलाना थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतका के मायके पक्ष के बयान दर्ज किए गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि विवाह के बाद से ही मृतका को उसके पति, सास और ससुर द्वारा घरेलू बातों को लेकर प्रताड़ित किया जाता था तथा उसके साथ मारपीट की जाती थी।
पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और बयानों के आधार पर भाटपचलाना थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद पति बालकदास बैरागी, ससुर प्रहलाददास और सास राजूबाई को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित