भिण्ड , मार्च 10 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के गोहद अनुभाग के अमायन थाना क्षेत्र के अंधियारी खुर्द गांव में ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर एक नवविवाहिता द्वारा फरवरी माह में फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने पति, सास और जेठ के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार बीते 8 फरवरी को अमायन गांव निवासी 22 वर्षीय प्रियंका माहौर ने घर के अंदर कमरे में रस्सी से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया था, जिसमें आत्महत्या की पुष्टि हुई थी।

इस घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए थे। आरोप था कि सास और जेठ मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे, जबकि पति मारपीट करता था। साथ ही दहेज में एक लाख रुपए की मांग भी की जा रही थी। मृतका मायके पक्ष की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने का हवाला देती थी, जिसके कारण उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इस संबंध में वह अपने मायके पक्ष को लगातार जानकारी देती रही थी।

मामले की जांच मेहगांव के एसडीओपी संजय कोच्छा द्वारा की गई। जांच के बाद पुलिस ने पति सुरेंद्र माहौर, सास कुंठी देवी और जेठ नरेंद्र माहौर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित