भिण्ड , अक्टूबर 13 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के अटेर कस्बे के सदर बाजार स्थित ससुराल में 24 वर्षीय नवविवाहिता राबिया का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद मायके पक्ष ने शरीर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

परिजनों के अनुसार, सोमवार को इरफान खान ने राबिया के मायके पक्ष को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन अटेर पहुंचे और शव देखकर संदेह जताया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

राबिया के भाई इशाद ने बताया कि उसकी बहन की शादी 26 नवंबर 2025 को इरफान खान से हुई थी। उसका आरोप है कि शादी के बाद से ही राबिया को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। भाई ने यह भी दावा किया कि घटना से पहले राबिया ने अपने मोबाइल से पति की एक अन्य युवती के साथ तस्वीर भेजी थी और दोनों के कथित संबंधों की बात कही थी। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों के आरोपों की जांच कर रही है। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित