कोटा , अक्टूबर 09 -- राजस्थान में नवरात्र मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने कोटा-सवाई माधोपुर रेलखंड स्थित इंद्रगढ़ सुमेरगंज मंडी रेलवे स्टेशन पर आठ से 23 अक्टूबर तक चार रेलगाड़ियों का अस्थाई ठहराव दिया है।

रेलवे के आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि मुंबई-जयपुर (12955) सुबह आठ बजकर 39 मिनट पर, जयपुर-मुंबई सुपर (12956) अपराह्न चार बजकर 27 मिनट पर, बांद्रा-बरौनी अवध (19037) दोपहर एक बजकर 35 मिनट पर और बरौनी-बांद्रा (19038) पूर्वाह्न 11 बजकर आठ मिनट पर दो मिनट के लिए रुकेगी।

इसी तरह 13 अक्टूबर को रवाना होने वाली कोटा-सिरसा (19807) अपने निर्धारित सीकर-लोहारू-सादुलपुर की जगह सीकर-चूरू-सादुलपुर होकर चलेगी। इस दौरान यह रेलगाड़ी लक्ष्मणगढ़ सीकर, फतेहपुर शेखावाटी, रामगढ़ शेखावाटी एवं चूरू स्टेशनों पर भी रुकेगी।

रेलवे ने इसका कारण बीकानेर मंडल के लोहारू-परवेजपुर रेलखंड में रेलवे अंडरब्रिज निर्माण कार्य बताया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित