भिण्ड , मार्च 19 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड शहर स्थित ऐतिहासिक गौरी तालाब में नवरात्र के अवसर पर जलकुंभी हटाने के लिए "जल गंगा संवर्धन अभियान" के तहत व्यापक सफाई अभियान शुरू किया गया।
जिला प्रशासन, नगर पालिका और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से प्रारंभ हुए इस अभियान में तालाब से तेजी से फैल रही जलकुंभी को हटाने का कार्य किया जा रहा है। हाल के दिनों में तालाब पूरी तरह जलकुंभी से ढक गया था, जिससे पानी तक दिखाई नहीं दे रहा था।
अभियान की शुरुआत नरेन्द्र सिंह कुशवाह और कलेक्टर किरोड़ी लाल मीणा की उपस्थिति में हुई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और आमजन ने श्रमदान कर सफाई कार्य में भागीदारी निभाई।
श्री कुशवाह ने कहा कि गौरी तालाब शहर की ऐतिहासिक धरोहर है और इसे संरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
कलेक्टर श्री मीणा ने कहा कि तालाब, बावड़ी और अन्य जल स्रोत हमारी परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और भू-जल स्तर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जल संरक्षण के लिए ऐसे प्रयासों को आवश्यक बताया।
अभियान के दौरान सीईओ जिला पंचायत, अपर कलेक्टर, एसडीएम सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में महिलाएं भी उपस्थित रहीं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तालाब पूरी तरह स्वच्छ होने तक यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित