भिण्ड , अक्टूबर 11 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड में नवरात्र के पहले दिन दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सिटी के सदस्यों ने गौसेवा कर उत्सव की शुरुआत सेवा और करुणा के संदेश के साथ की। रविवार को गौरी सरोवर हाउसिंग कॉलोनी स्थित जीव दया स्थल गौशाला में आयोजित कार्यक्रम में 40 से अधिक दंपती सदस्यों ने सहभागिता की। इस दौरान जन्मदिन मनाने के साथ जीव दया के महत्व को रेखांकित किया गया तथा गौशाला का संचालन कर रही जीव दया स्थल कमेटी और भामाशाहों के सेवा कार्यों की सराहना की गई।

कार्यक्रम में मयंक-प्रियंका जैन, सिद्धार्थ-श्रुति जैन, संतोष-शालिनी जैन, चेतन-पूर्वी जैन, राहुल-रेखा जैन, अर्पिता संभव लोहिया और गीता संजीव जैन का जन्मदिन के अवसर पर तिलक-वंदन एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। विशेष रूप से उपस्थित डॉ. अनिल जैन का सम्मान किया गया। कार्यक्रम संयोजक नवीन जैन का अभिनंदन किया गया, जबकि भामाशाह कमेटी की ओर से शिक्षक दीपचंद जैन का स्वागत किया गया।

संस्था अध्यक्ष शैलेंद्र-पूनम जैन ने कहा कि जीवों के प्रति करुणा, सेवा और संवेदनशीलता जैन धर्म के प्रमुख सिद्धांत हैं। ऐसे आयोजन समाज में परोपकार और सभी जीवों के प्रति दया भाव को प्रोत्साहित करते हैं। संस्था कोषाध्यक्ष रविंद्र-सुधा जैन और सक्रिय सदस्य मयंक-प्रियंका जैन ने गौशाला में गौवंश की देखभाल तथा आवश्यक व्यवस्थाओं के संचालन के लिए जीव दया स्थल कमेटी और भामाशाहों के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में संजीव-गीता जैन ने कविता के माध्यम से संस्था की एकता और सेवा कार्यों की प्रशंसा की। अंत में संस्था सचिव अंशुल-आयशा जैन ने सदस्य दंपतियों, अतिथियों और जीव दया स्थल कमेटी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी जीव दया और मानव सेवा से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से करुणा एवं परोपकार की भावना को आगे बढ़ाती रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित