लखनऊ , मार्च 19 -- चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन उत्तर प्रदेश के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। सुबह नौ बजे तक ही माँ विंध्यवासिनी मंदिर में चार लाख से अधिक भक्त दर्शन कर चुके हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल है। इस बीच सरकार की तरफ़ से मंदिरों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं।

देवीपाटन मंदिर में भी सुबह से अब तक लगभग 1 लाख श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए हैं। इसी तरह शाकुम्भरी देवी मंदिर में 50 हजार से अधिक भक्त पहुंच चुके हैं। नवरात्र को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, जिसमें युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से अधिक है। प्रदेशभर के मंदिरों में दर्शन, पूजन और धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी है।

पर्व-त्योहारों के इस उत्साह के बीच उत्तर प्रदेश में सांस्कृतिक पुनर्जागरण की नई तस्वीर भी उभरती दिखाई दे रही है, जहां आस्था और परंपरा का संगम बड़ी संख्या में लोगों को जोड़ रहा है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि सभी जिलों में मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाएं सुदृढ़ की जाएं, वहीं मस्जिदों में भी नमाज के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि कहीं भी अव्यवस्था, गंदगी या सुरक्षा में चूक न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित