जगदलपुर , अक्टूबर 12 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में शारदीय नवरात्र और बस्तर दशहरा के अवसर पर मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा और गिरोला जाने वाले पदयात्रियों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष चिकित्सा व्यवस्था की है। सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न मार्गों पर 25 से अधिक स्वास्थ्य सेवा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां श्रद्धालुओं को चौबीसों घंटे निःशुल्क प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग से आज मिली जानकारी के अनुसार, यह व्यवस्था 11 से 20 अक्टूबर तक संचालित रहेगी। पदयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को होने वाली थकान, पैरों में छाले, मांसपेशियों में खिंचाव और अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को देखते हुए सभी केंद्रों में आवश्यक दवाइयों और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई है।
विभाग ने आसना नाका, जियाडेरा, बालाजी कोल्ड स्टोर, पण्डरीपानी, आड़ावाल नाका, सिरहासार चौक, बिजली गार्डन ढाबा और बस्तर परिवहन संघ सहित प्रमुख मार्गों एवं पड़ावों पर स्वास्थ्य कर्मचारियों की तैनाती की है। इन केंद्रों में सहायक नर्स दाई (एएनएम), ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारी (आरएचओ), मितानिन और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) तीन पालियों में सेवाएं दे रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित