पौड़ी , मार्च 19 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल में नवरात्र पर्व की शुरुआत और आगामी ईद को देखते हुए जिले के बाजारों में पुलिस की पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है।
गुरुवार को पुलिस अधिकारी ने बताया कि भीड़भाड़ बढ़ने के साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता बन गया है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी कोटद्वार के नेतृत्व में कोटद्वार और कोतवाली पौड़ी क्षेत्र में पुलिस टीमों द्वारा लगातार सघन पैदल गश्त की जा रही है। बाजारों में बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। साथ ही सड़क पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाया जा रहा है, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी न हो। दुकानदारों को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपना सामान दुकान के बाहर सड़क पर न फैलाएं।
इसके अलावा वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है, ताकि बाजारों में जाम की स्थिति न बने। गश्त के दौरान पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए है।
पुलिस आमजन से लगातार संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है और अपील कर रही है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द का माहौल बना रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित