उज्जैन , अक्टूबर 09 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन संभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने आगामी 11 अक्टूबर से शुरू होने वाले शारदीय नवरात्रि उत्सव के मद्देनजर देवास स्थित माताजी की टेकरी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, उज्जैन संभागायुक्त आशीष सिंह, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक राकेश गुप्ता और पुलिस महानिरीक्षक नवनीत भसीन ने टेकरी पर मार्ग व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का निरीक्षण किया। संभागायुक्त ने श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ उसी अनुपात में भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए दो होल्डिंग क्षेत्र बनाए गए हैं। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि श्रद्धालुओं को इन क्षेत्रों में कम से कम समय तक रोककर उनकी आवाजाही सुचारु रखी जाए।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। धूप और गर्मी से राहत देने के लिए मार्गों पर टेंट लगाने तथा जमीन पर कालीन बिछाने की व्यवस्था भी की गई है।

देवास पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नगर निगम भवन के समीप पार्किंग स्थल चिह्नित किया गया है। आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। नगरीय प्रशासन द्वारा स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित