पटना, सितंबर 26 -- कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता अभय दुबे ने शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बयान जारी करते हुये प्रियंका गांधी की बिहार यात्रा को 'एक ऐतिहासिक क्षण' करार दिया और कहा कि, 'देश में एक अरसे के बाद महिला सशक्तिकरण की सशक्त आवाज सामने आई है और वो हैं प्रियंका गांधी, जो बिहार की पावन धरती पर महिलाओं के हक़ को एक नई धार देने आई हैं।'बिहार की राजनीति में इन दिनों महिला सशक्तिकरण की गूंज ज़ोर पकड़ रही है और नवरात्रि के अवसर पर कांग्रेस पार्टी ने महिलाओं के अधिकारों और सम्मान को लेकर एक नई राजनीतिक और सामाजिक बहस छेड़ दी है।
कांग्रेस श्री दुबे प्रवक्ता ने जनता से नवरात्रि के अवसर पर आह्वान करते हुये कहा कि इस अभियान को केवल चुनावी राजनीति न समझा जाये। आइये इन नवरात्रों में हम सब प्रियंका गांधी को इतनी ताकत दें कि वो आधी आबादी को पूरा हक़ दिला सकें। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक नहीं, सामाजिक और सांस्कृतिक आंदोलन भी है।'समसामयिक बिहार में महिलाओं की सामाजिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए श्री दुबे ने कहा कि भारतीय समाज में आज भी नारी को केवल कर्तव्यों का पर्याय मान लिया गया है। उन्होंने कहा कि बेटियां मां- बाप की आज्ञाकारिणी, पत्नी पति के अधीन और मां त्याग की मूर्ति मानी जाती हैं, लेकिन महिलाओं को अधिकार किसी ने नहीं दिया। गृहिणी का अर्थ 'चारदीवारी में कैद एक जिंदगी' तक रह गया है।
कांग्रेस प्रवक्ता श्री दुबे ने यह भी सवाल किया कि जिस संस्कृति में मां दुर्गा से शक्ति और मां सरस्वती से ज्ञान प्राप्त किया जाता है, उसी समाज में आज 'बेटी बचाव, बेटी पढाओं' जैसा नारा आखिर क्यों देना पड़ रहा है? यह हमारे सामाजिक पतन का साक्षात प्रमाण है।
उन्होंने बिहार सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुये कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने हाल ही में एक बलात्कार पीड़िता की मौत का हवाला देते हुये कहा, एक बेटी को अस्पताल के बाहर एम्बुलेंस में तड़प- तड़प कर मरने दिया गया क्योंकि सत्तापक्ष को डर था कि अगर वह ज़िंदा रही तो सरकार की बदनामी बढ़ेगी।
कांग्रेस प्रवक्ता श्री दुबे ने एक कथित स्टिंग ऑपरेशन का हवाला देते हुये दावा किया कि भाजपा और जदयू सरकार की सरपरस्ती में बिहार में 'मां की कोख का सौदा' तक किया जा रहा है। उन्होंने इस खुलासे को राज्य की राजनीति और समाज के लिये शर्मनाक बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित