पटना , जून 11 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बिहार विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव और उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से निर्विरोध निर्वाचित सभी नवनिर्वाचित विधान पार्षदों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी हैं। श्री कुशवाहा ने विश्वास व्यक्त किया कि उच्च सदन के सभी सदस्य राजग की विकासोन्मुख नीतियों, सुशासन के सिद्धांतों और जनकल्याणकारी संकल्पों को और मजबूती प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी नवनिर्वाचित सदस्य नीतीश कुमार के 'विकसित बिहार' के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत के विधान परिषद सदस्य निर्वाचित होने पर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि निशांत जैसे युवा, सक्षम, संगठनात्मक क्षमता से परिपूर्ण और जनसरोकारों के प्रति संवेदनशील नेता का उच्च सदन में पहुंचना बिहार की राजनीति को नया आयाम देगा।
श्री कुशवाहा ने कहा कि पार्टी की ओर से निर्वाचित चार सदस्यों में तीन सदस्य अतिपिछड़ा वर्ग से आते हैं, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं। इस प्रकार पार्टी ने अपने निर्णयों में अतिपिछड़ा वर्ग को 75 प्रतिशत और महिलाओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया है।उन्होंने कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में सामाजिक न्याय और महिला सशक्तीकरण केवल राजनीतिक नारे नहीं हैं, बल्कि पार्टी की विचारधारा और कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित