लखनऊ , मार्च 18 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के नौ वर्ष की अवधि को नवनिर्माण का शासनकाल बताया है और कहा कि डबल इंजन सरकार ने प्रदेश की पहचान बदलने का काम किया है और अब राज्य विकास की नयी गाथ लिख रहा है।

योगी ने लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश में हुए व्यापक बदलावों को रेखांकित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य की सीमाओं पर बनाए गए नौ स्वागत द्वारों का लोकार्पण किया और 'नवनिर्माण के नौ वर्ष' पुस्तक का विमोचन भी किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में जो परिवर्तन हुआ है, वह सेवाभाव और सुशासन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश पहचान के संकट से जूझ रहा था, जबकि आज वही प्रदेश विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ होता था और नौकरियों में पारदर्शिता का अभाव था, लेकिन अब भर्ती प्रक्रियाएं निष्पक्ष और पारदर्शी हुई हैं। उन्होंने बताया कि बीते 9 वर्षों में लगभग 2 लाख युवाओं को पुलिस भर्ती के माध्यम से रोजगार दिया गया है।

कानून-व्यवस्था पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब भय का वातावरण समाप्त हो चुका है और नवरात्र तथा रमजान जैसे पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि नौ शहरों में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू की गई है और सुरक्षा तंत्र को मजबूत किया गया है।

विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने नौ लाख 12 हजार करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया है, जिससे प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे जैसे प्रोजेक्ट्स से उत्तर प्रदेश देश में एक्सप्रेसवे नेटवर्क का प्रमुख केंद्र बन रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश का माहौल बेहतर हुआ है और अब तक 15 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्राप्त हुआ है। 2017 से पहले जहां सीमित उद्योग थे, वहीं अब 30 हजार से अधिक बड़े उद्योग स्थापित हो चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने नोएडा को लेकर फैले मिथकों पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि अब यह क्षेत्र विकास की नयी पहचान बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी बेहतर हुई है और जेवर एयरपोर्ट जैसे प्रोजेक्ट्स से उत्तर प्रदेश को वैश्विक पहचान मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित