प्रयागराज , मई 28 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के नवनियुक्त प्रधानाचार्य डॉ. ए.के. वर्मा ने कार्यभार ग्रहण करते ही स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन) का सघन निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों, तीमारदारों, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों से संवाद कर अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। ट्रॉमा सेंटर के निरीक्षण के दौरान तीन वार्ड बॉय अनुपस्थित पाए गए, जिस पर प्रधानाचार्य ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही भविष्य में दोबारा ऐसी लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसी को सेवा समाप्ति की कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया।

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि पर्याप्त संख्या में स्ट्रेचर उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को समय पर स्ट्रेचर नहीं मिल पा रहे थे। इस पर डॉ. वर्मा ने संबंधित इंचार्ज को कड़ी चेतावनी देते हुए तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में भर्ती मरीजों के परिजनों ने चिकित्सा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। वहीं वार्ड नंबर-दो में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर सफाई सुपरवाइजर और वार्ड इंचार्ज को चेतावनी दी गई।

प्रधानाचार्य ने ओपीडी के बाहर स्थापित हेल्प डेस्क को पूरी तरह सक्रिय और प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने वहां तैनात कर्मचारियों को मरीजों और उनके परिजनों के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने की सलाह भी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित