पटना , मई 20 -- िहार सरकार के उप मुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि जल संसाधन विभाग किसानों और आम लोगों से सीधे जुड़ा विभाग है, इसलिए सभी नवनियुक्त कर्मियों को पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। मंत्री श्री चौधरी ने आज सिंचाई भवन स्थित जल संसाधन विभाग के सभागार में आयोजित समारोह में 15 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इनमें छह नवनियुक्त सहायक अभियंता, अनुकंपा के आधार पर छह निम्नवर्गीय लिपिक तथा तीन कार्यालय परिचारी शामिल हैं।

श्री चौधरी ने समारोह को संबोधित करते सभी नवनियुक्त कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि अब वे जल संसाधन विभाग परिवार का अभिन्न अंग बन गए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य करता है और किसानों तथा आम लोगों को सिंचाई एवं बाढ़ सुरक्षा जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराता है। ऐसे में सभी कर्मियों को पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में कार्यरत अधिकारियों और कर्मियों की सक्रियता एवं कार्यकुशलता से ही विभाग की छवि मजबूत होती है। उन्होंने नवनियुक्त सहायक अभियंताओं से नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण करने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित