रांची , मार्च 24 -- झारखंड के सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड एवं प्रभात खबर की संयुक्त पहल "नवचेतना-नशा मुक्ति अभियान" रांची के विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों में लगातार अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रहा है।

इसी क्रम में आज अभियान के तहत "नवचेतना रथ" के साथ सीसीएल एवं प्रभात खबर की टीम उषा मार्टिन यूनिवर्सिटी पहुंची। यूनिवर्सिटी परिसर में भ्रमण करते हुए नवचेतना रथ ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाते हुए "नशा मुक्त समाज" का संदेश प्रसारित किया।

वहीं, विश्वविद्यालय के सभागार में कुलपति डॉ. मधूलिका कौशिक, रजिस्ट्रार डॉ. शिव प्रताप वर्मा, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत नशा मुक्ति विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता, शपथ सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

नशा जैसे गंभीर और व्यापक विषय पर आयोजित इस पहल की विश्वविद्यालय प्रबंधन एवं विद्यार्थियों ने सराहना की। उन्होंने सीसीएल एवं प्रभात खबर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के अभियान समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने में सहायक होते हैं।

इस अवसर पर सीसीएल के सीसी एंड पीआर विभाग के विभागाध्यक्ष ने कहा कि "नशा आज की युवा पीढ़ी को गंभीर रूप से प्रभावित कर रहा है। युवा देश का भविष्य हैं, ऐसे में उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना हमारी जिम्मेदारी है। सीसीएल एवं प्रभात खबर का यह संयुक्त अभियान विशेष रूप से स्कूल एवं कॉलेज के छात्र-छात्राओं को जागरूक करने पर केंद्रित है।"आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सीसीएल एवं प्रभात खबर की ओर से पुरस्कृत किया गया। साथ ही उन्हें न केवल स्वयं एवं अपने परिवार को नशे से दूर रखने, बल्कि समाज में भी इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान की प्रमुख गतिविधियाँ "से नो टू ड्रग" थीम पर ड्राइंग प्रतियोगिता, पंपलेट वितरण एवं डिजिटल माध्यम (ईमेल/QR/व्हाट्सएप) से प्रविष्टियाँ आमंत्रित, चयनित 10 प्रतिभागियों को Rs.5,000 की नकद पुरस्कार राशि, विशेषज्ञों के साथ पॉडकास्ट- नशा मुक्ति एवं रोकथाम पर मार्गदर्शन, स्थानीय आरजे एवं इन्फ्लुएंसर के माध्यम से जागरूकता प्रसार, मीडिया एवं रेडियो के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार शामिल रहा।

सीसीएल अपने अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक निलेंदु कुमार सिंह के नेतृत्व में कोयला खनन के साथ-साथ सीएसआर, कल्याण, खेल एवं अन्य सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से श्रमिकों, ग्रामीणों एवं हितधारकों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित