ग्वालियर/डबरा , फरवरी 15 -- मध्यप्रदेश में ग्वालियर जिले के डबरा में रविवार को नवग्रह शक्तिपीठ के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाग लिया। महाशिवरात्रि के अवसर पर परिसर "ॐ नमः शिवाय" से गूंज उठा और मुख्यमंत्री ने नवग्रह मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि डबरा में निर्मित यह नवग्रह शक्तिपीठ एक अद्भुत धाम है। उन्होंने सभी को मध्यप्रदेश सरकार की ओर से अभिनंदन करते हुए महाशिवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं। डॉ. यादव ने डॉ. नरोत्तम मिश्र द्वारा इस शक्तिपीठ के निर्माण और प्रेरणादायी संकल्प को साकार करने की प्रशंसा की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम के वनवास और स्वयंवर प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि युवा शक्ति को समाजहित में उपयोग करने के दृष्टिकोण से ये पौराणिक घटनाएं अध्ययन और शोध का विषय हैं।

पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव और अन्य अतिथियों का स्वागत किया और उन्हें साफा बांधकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रसिद्ध कवि एवं वक्ता कुमार विश्वास ने कथा वाचन कर अनेक पौराणिक प्रसंग सुनाए। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, सांसद विष्णुदत्त शर्मा, अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित