आगरमालवा , सितंबर 27 -- मध्यप्रदेश में आगरमालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध पीताम्बरा सर्व सिद्ध पीठ मां बगलामुखी मंदिर के समीप पिछले दिनों हुई वाहन दुर्घटना में ओडिशा के आठ लोगों की मृत्यु के बाद मंदिर प्रबंध समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुसनेर-नलखेड़ा की अनुविभागीय राजस्व अधिकारी देवकुंवर सोलंकी ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्रस्तुत होने तथा आगामी आदेश तक प्रशासनिक कार्य सुविधा की दृष्टि से ग्राम डोकरपुरा के पटवारी को मां बगलामुखी मंदिर के समस्त कार्यों से तत्काल प्रभाव से पृथक रखा गया है।
एसडीएम सोलंकी की अध्यक्षता में मां बगलामुखी मंदिर प्रबंध समिति, मां बगलामुखी भक्त मंडल के 14 सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, हवन कुंडों की संख्या बढ़ाने, शौचालय एवं सुविधाघर, साफ-सफाई, विद्युत एवं जनरेटर व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, पुलिस चौकी, यातायात, अतिक्रमण एवं पार्किंग व्यवस्था को सुलभ बनाने तथा मंदिर समिति में अशासकीय सदस्यों की नियुक्ति सहित 10 बिंदुओं पर मांग एवं सुझाव दिए गए।
बैठक में सदस्यों ने नलखेड़ा में हुई दुर्घटना के संबंध में की गई कार्रवाई की जानकारी भी मांगी। एसडीएम ने बताया कि प्राप्त मांगों एवं सुझावों के आधार पर आवश्यक व्यवस्थाओं एवं कार्यों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बैठक में रोहित सकलेचा, विजय सोनी, नरेन्द्र वेदिया, दिलीप खंडेलवाल, अशोक गुप्ता (खंडेलवाल), किशोर सिंह राजपूत, राधेश्याम भालोट, कैलाश राठौर, विपीन पाटनी, पवन वेदिया, हिरालाल यादव गोयल, रितेश सोनी, मनोहरलाल पंडा एवं देवेन्द्र शास्त्री उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित