होशंगाबाद , अगस्त 10 -- मध्यप्रदेश के सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में आपसी संघर्ष की एक घटना में मादा हाथी स्मिता की मौत हो गई। सूत्रों के अनुसार विभाग के ही नर हाथी कृष्णा ने 09 अगस्त की रात स्मिता पर जानलेवा हमला किया था। हमले में घायल स्मिता की सोमवार शाम करीब पांच बजे तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई।

सूत्रों के अनुसार हाथी महावतों ने 10 अगस्त की सुबह हाथियों को जंगल से वापस लाने के दौरान स्मिता के शरीर पर गंभीर चोट के निशान देखे। घाव अधिक गहरा होने पर वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी को सूचना दी गई। बताया गया है कि संबंधित अधिकारी शासकीय कार्य से बाहर थे और उनके पहुंचने से पहले ही स्मिता की हालत बिगड़ गई तथा उसकी मौत हो गई।

स्मिता को सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की होनहार मादा हाथियों में माना जाता था। विभाग के नर हाथी कृष्णा द्वारा हमला किए जाने की घटना को जंगल महकमे के इतिहास में आपसी संघर्ष में हाथी की मौत की असामान्य घटना बताया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित