ग्वालियर , जून 09 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर स्थित आईपीएस कॉलेज में मुख्यमंत्री कौशल संवर्धन योजना के तहत नर्सिंग प्रशिक्षण प्राप्त कर रही 23 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतका नीलू प्रजापति, केआरजी कॉलेज की नर्सिंग छात्रा थी और विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत 14 मई से आईपीएस कॉलेज के छात्रावास में रह रही थी। सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। बाद में उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मृत्यु हो गई।

मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि छात्रा की तबीयत खराब होने के बाद छात्रावास प्रबंधन ने समय पर उपचार की व्यवस्था नहीं की। उनका कहना है कि रात में स्वास्थ्य बिगड़ने के बावजूद उसे सुबह अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उपचार में विलंब हुआ।

परिजनों ने छात्रावास की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सीमित क्षमता वाले छात्रावास में बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थियों को ठहराया गया था। उनके अनुसार मुख्यमंत्री कौशल संवर्धन योजना के तहत वहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुमन गुर्जर ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। छात्रा के कमरे की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है तथा महिला पुलिस अधिकारियों की विशेष टीम गठित की गई है। उन्होंने बताया कि शव का पैनल पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मृत्यु के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित