फिरोजाबाद , अक्टूबर 31 -- फिरोजाबाद जिले के थाना मटसेना क्षेत्र के तहत एक नर्सिंग कॉलेज की दलित छात्रा के मौत के मामले में परिजन शनिवार को थाना पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से असंतुष्ट होने के कारण शव को कब्र से निकाल कर मैनपुरी से फिरोजाबाद पहुंचे। पुलिस ने शव को वापस मैनपुरी ले जाकर अपनी निगरानी में कब्र में दफन कराया।

पुलिस ने बताया कि थाना मटसेना क्षेत्र के तहत बुधवार को नर्सिंग कॉलेज की छात्रा प्रीति की संदिग्ध मौत के मामले में उसकेपरिजन शनिवार को शव लेकर फिरोजाबाद पहुंचे। जानकारी मिलने पर पुलिस सतर्क हो गई और उसने कुछ ग्रामीण समर्थकों को मैनपुरी क्षेत्र में ही रोक दिया जबकि कुछ को थाना मक्खनपुर क्षेत्र में रोका गया फिर भी कुछ लोग सिविल लाइंस पुलिस चौकी पर पहुंच गए।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया था। सिविल लाइन पुलिस चौकी पर ग्रामीण और परिजन धरने पर बैठ गए। परिजनों का कहना था कि उन्हें थाना मटसेना पुलिस पर भरोसा नहीं है। पोस्टमार्टम दोबारा कराना चाहते हैं। मामले की जांच भी अन्य थाने को स्थानांतरित की जाए। अर्जुन नर्सिंग कॉलेज के प्रधानाचार्य और उसके बेटे पर छात्रा प्रीति की हत्या का आरोप लगा रहे हैं। नवजागृति कठेरिया धनगर समाज की तरफ से ज्ञापन भी जिलाधिकारी को संबोधित कर सी ओ चंचल त्यागी को दिया गया जिसमें आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और जांच को अन्य थाने में स्थानांतरित किए जाने की मांग की गई। पुलिस द्वारा शव को अपनी निगरानी में ले जाकर मैनपुरी में पुनः कब्र में दफन कराए जाने की जानकारी मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित