भिण्ड , अक्टूबर 04 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड में बिजली कंपनी में विजिलेंस की जिम्मेदारी संभाल रहे उपमहाप्रबंधक (डीजीएम) नितिन डोंगरे पर स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ नर्सिंग ऑफिसर ने बाथरूम में मोबाइल कैमरा छिपाकर नहाते समय अपना वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर मोबाइल जब्त कर लिया है तथा अधिकारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार महिला भिण्ड स्वास्थ्य विभाग में नर्सिंग ऑफिसर है और मुरैना जिले की रहने वाली है। वह भिण्ड के अटेर रोड स्थित एक कॉलोनी में बिजली कंपनी में पदस्थ अधिकारी के किराये के मकान में रहती है। महिला मकान के निचले तल पर, जबकि डीजीएम ऊपर के तल पर रहते हैं।
महिला ने पुलिस को बताया कि उसके हिस्से के बाथरूम में पानी नहीं आ रहा था। मकान मालिक के कहने पर उसने ऊपर बने बाथरूम का इस्तेमाल करना शुरू किया। महिला का आरोप है कि उसके बाथरूम में जाने से पहले मोबाइल का कैमरा चालू कर उसे छिपाया गया था और नहाते समय उसी मोबाइल से उसकी रिकॉर्डिंग की गई।
महिला के मुताबिक नहाने के बाद जब वह बाथरूम से बाहर निकली तो उसने डीजीएम नितिन डोंगरे को मोबाइल उठाने के लिए आते देखा। संदेह होने पर उसने मोबाइल अपने कब्जे में लिया, जिसमें नहाते समय का वीडियो रिकॉर्ड मिला। इसके बाद महिला ने कोतवाली थाने में शिकायत की।
कोतवाली पुलिस ने नितिन डोंगरे के खिलाफ छेड़छाड़ और अश्लील वीडियो बनाए जाने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मोबाइल जांच के लिए कब्जे में लिया है और वीडियो रिकॉर्डिंग सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
कोतवाली थाना प्रभारी मुकेश शाक्य ने बताया कि महिला की शिकायत पर बिजली कंपनी के उपमहाप्रबंधक नितिन डोंगरे के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। अधिकारी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित