भिण्ड , अक्टूबर 16 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड में नर्सिंग अधिकारी स्नेहलता की हत्या के मामले में पुलिस उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में स्थित पचनदा में लगातार शव की तलाश कर रही है। आरोपी सत्यप्रकाश की निशानदेही पर नदी में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक शव बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सत्यप्रकाश ने स्नेहलता की गला दबाकर हत्या करने और शव पचनदा में पुल से नदी में फेंकने की बात स्वीकार की है। भिण्ड सिटी कोतवाली पुलिस गुरुवार को आरोपी को लेकर घटनास्थल पहुंची थी। दो दिन से जारी तलाशी के बावजूद शव नहीं मिला है। पचनदा क्षेत्र में पांच नदियों का संगम है और यहां घड़ियाल व मगरमच्छ भी पाए जाते हैं।
भिण्ड के जोशी नगर निवासी सत्यप्रकाश एक निजी कॉलेज में नौकरी करता था। बिहार निवासी स्नेहलता से उसकी पहचान पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोनों कई वर्षों तक साथ रहे और लिव-इन संबंध में रहने लगे। सत्यप्रकाश पहले से विवाहित था। करीब दस महीने पहले स्नेहलता ने बेटे को जन्म दिया था। पुलिस के मुताबिक, बेटे को अपनी पहली पत्नी के पास छोड़ने और स्नेहलता को पत्नी का दर्जा देने के सवाल पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था।
बताया गया कि सत्यप्रकाश ने स्नेहलता को कानपुर घुमाने और खरीदारी कराने का प्रस्ताव दिया था। रवाना होने से पहले स्नेहलता ने नर्सिंग होम में साथ काम करने वाली अपनी एक महिला सहकर्मी को फोन कर इसकी जानकारी दी थी। इसके बाद उसका पता नहीं चला। सत्यप्रकाश ने स्वयं भिण्ड सिटी कोतवाली पहुंचकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया और तलाश के लिए पर्चे भी छपवाए। जांच के दौरान पुलिस को उसकी भूमिका संदिग्ध लगी, जिसके बाद पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार की। आरोपी के साथ एंबुलेंस चालक राजवीर खत्रा और एक अन्य व्यक्ति के जाने की जानकारी भी सामने आई है।
स्नेहलता के पिता संजय पांडेय सहित परिजन बिहार से भिण्ड पहुंच गए हैं। पिता ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी मुकेश शाक्य के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर तलाश जारी है और मामले की विवेचना की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शव मिलने के बाद ही उसकी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित