धार , मई 25 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में मनावर के समीप सेमल्दा स्थित नर्मदा नदी में डूबे अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के दो साइट इंचार्ज के शव लगभग 15 घंटे बाद बरामद किए गए। दोनों युवक मूल रूप से राजस्थान के कोटपुतली के निवासी थे।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान पूरण यादव और दिनेश यादव के रूप में हुई है। दोनों रविवार शाम अपने साथियों के साथ नर्मदा तट पर घूमने और स्नान करने पहुंचे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मनावर के टोंकी स्थित सीमेंट कंपनी में कार्यरत चार दोस्त रविवार की छुट्टी होने के कारण शाम करीब पांच बजे सेमल्दा नर्मदा तट पर पहुंचे थे। नहाने के दौरान पूरण यादव और दिनेश यादव अचानक 15 से 20 फीट गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। किनारे पर मौजूद उनके साथियों तथा स्थानीय नाविकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

चश्मदीद नवीन योगी ने बताया कि चारों दोस्त साथ में नर्मदा तट पर आए थे। वह और मनोज यादव नदी के बाहर खड़े थे, जबकि दोनों साथी पानी में चले गए और देखते ही देखते गहराई में डूब गए।

घटना की सूचना मिलते ही मनावर पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से रविवार देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। सोमवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया गया, जिसके बाद दोनों शव बरामद कर लिए गए।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार जिस सेमल्दा नर्मदा तट पर घटना हुई, वहां रविवार सुबह मगरमच्छ भी देखा गया था और लोगों को नदी में नहीं उतरने की चेतावनी दी गई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित