बारां , सितम्बर 28 -- राजस्थान में जेल से रिहाई के बाद छात्र, युवा एवं किसान नेता नरेश मीणा ने सोमवार को राजस्थान के बारां में समर्थकों के साथ जोरदार प्रवेश किया।

शहर में कई स्थानों पर समर्थकों और युवाओं ने फूलमालाओं से उनका स्वागत किया। उनके साथ नगर परिषद के पूर्व सभापति, पार्षद कमल राठौर और पूर्व प्रधान संदीप शर्मा सहित समर्थकों का हुजूम नजर आया।

श्री मीणा ने बारां के प्रताप चौक पर आगामी पंचायतराज चुनाव को लेकर तीसरे मोर्चे के बैनरतले चुनाव लड़ने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि बारां सहित तीन जिलों के आठ विधानसभा क्षेत्रों में जिला परिषद और पंचायत समिति स्तर पर संगठन के प्रत्याशी मैदान में उतारे जायेंगे। उन्होंने समर्थकों से तीसरे विकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष जारी रखने की बात कही।

श्री मीणा के अनुसार बारां जिले के चार, बूंदी जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों और टोंक जिले के उनियारा क्षेत्र में पंचायत चुनावों में प्रत्याशी उतारे जायेंगे , हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि किन-किन वार्डों और पंचायत समिति क्षेत्रों से उम्मीदवार मैदान में होंगे।

श्री मीणा हाल ही निर्वाचित नगर परिषद सभापति शीतल राठौर के पति एवं नगर परिषद के पूर्व सभापति कमल राठौर के घर से समर्थकों के साथ पैदल नगर परिषद पहुंचे। इस दौरान रास्तेभर समर्थकों ने नारेबाजी की। नगर परिषद परिसर में कमल राठौर के नेतृत्व में उनका स्वागत किया गया।

इस दौरान नगर परिषद उपसभापति तेजेश सुमन का भी माला पहनाकर सम्मान किया गया।

नरेश मीणा पिछले कुछ समय से राजस्थान में तीसरे राजनीतिक विकल्प को सक्रिय करने की दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने भगत सिंह सेना के गठन के बाद संगठन के विस्तार पर जोर दिया है। अब पंचायत राज चुनावों में जिला परिषद और पंचायत समिति स्तर पर प्रत्याशी उतारने की घोषणा को संगठन के ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक आधार मजबूत करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित