भागलपुर, जुलाई 17 -- बिहार के भागलपुर जिले में अवस्थित पूर्व रेलवे के मालदा मंडल के शिवनारायणपुर स्टेशन को आज "अमृत भारत स्टेशन" के रुप में राष्ट्र को समर्पित किया गया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम सेपुनर्विकसित शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया। यह पुनर्विकास केन्द्रभारत सरकार की महत्वाकांक्षी 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत किया गया है।
इस अवसर पर शिवनारायणपुर स्टेशन पर आयोजित इस समारोह में भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल, कहलगांव के विधायक शुभानंद मुकेश पूर्व विधायक पवन कुमार यादव, मालदा मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक अमरेंद्र कुमार मौर्य, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्तिक सिंह सहित विभिन्न शाखा अधिकारी, जिला प्रशासन एवं स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि, शिक्षक,स्कूली छात्र एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।
कार्यक्रम के दौरान एक विशेष प्रस्तुति दिखाई गई, जिसमें शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन के कायाकल्प की पूरी यात्रा को रेखांकित किया गया।
शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन को 17.94 करोड़ की स्वीकृत लागत से चरण-I के तहत पूरी तरह पुनर्विकास किया गया है।
यह पुनर्विकसित स्टेशन अब बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और स्थापत्य पहचान को अपने भीतर समेटे हुए है। इसमें आधुनिक, सुलभ और सौंदर्यपूर्ण रूप से आकर्षक यात्री सुविधाएं जोड़ी गई हैं, जो सीधे तौर पर सरकार के 'विकास भी, विरासत भी' के संकल्प को सिद्ध करती हैं।
इस आधुनिक 'अमृत स्टेशन' के शुरू होने से बुजुर्गों, दिव्यांगों और आम यात्रियों के लिए स्टेशन परिसर में आवाजाही बेहद सुगम होगी। बेहतर रेल बुनियादी ढांचे से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और सुदृढ़ होगी।इस स्टेशन का आधुनिक स्वरूप स्थानीय व्यापार को गति देगा और पर्यटन के नए रास्ते खोलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित