कपूरथला , जुलाई 10 -- पंजाब में कपूरथला नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर नरिंदर सिंह मानसो ने शुक्रवार को पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां और सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल की मौजूदगी में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर कामाक्षी दुग्गल ने सीनियर डिप्टी मेयर तथा समीर शर्मा ने डिप्टी मेयर के रूप में कार्यभार संभाला।

पदभार ग्रहण करने के बाद मेयर नरिंदर सिंह मानसो ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी के नेतृत्व का उन पर विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे तथा नगर निगम प्रशासन को जन-केंद्रित बनाने के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

मेयर ने कहा कि नगर निगम कपूरथला के नागरिकों को अत्याधुनिक शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्य करेगा। उन्होंने शहर को कूड़ा-मुक्त और आदर्श शहर बनाने का संकल्प लेते हुए कहा कि प्रभावी कचरा प्रबंधन और बेहतर नागरिक सेवाओं के माध्यम से स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि नगर निगम में भ्रष्टाचार और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी पाये जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने नव-निर्वाचित मेयर और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य को 'रंगला पंजाब' बनाने के लिए सभी क्षेत्रों में समान विकास सुनिश्चित कर रही है।

सांसद डॉ राज कुमार चब्बेवाल ने विश्वास जताया कि मेयर नरिंदर सिंह मानसो, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर मिलकर कपूरथला के विकास को नयी गति देंगे और शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस ऐतिहासिक शहर के विकास के लिए पंजाब सरकार आवश्यक वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित