वाराणसी , जुलाई 27 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी नगर निगम कार्यकारिणी में सोमवार को हुए उपसभापति पद के चुनाव में वार्ड संख्या-96 (दशाश्वमेध) के पार्षद नरसिंह दास निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। इसके साथ ही उन्होंने लगातार चौथी बार इस पद पर निर्वाचित होने का गौरव प्राप्त किया है। इससे पहले वह जुलाई 2018, दिसंबर 2020 तथा जुलाई 2024 में भी उपसभापति रह चुके हैं।

सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें उपसभापति पद के चुनाव की प्रक्रिया संपन्न हुई। महापौर ने कार्यकारिणी सदस्यों से उपसभापति पद के लिए प्रस्ताव आमंत्रित किए।

इस दौरान वार्ड संख्या-28 (सरायनंदन) के पार्षद मदन मोहन तिवारी ने नरसिंह दास के नाम का प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसका कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने मेज थपथपाकर सर्वसम्मति से समर्थन किया। किसी अन्य प्रत्याशी द्वारा नामांकन नहीं किए जाने पर महापौर ने नरसिंह दास को निर्विरोध उपसभापति निर्वाचित घोषित कर दिया।

निर्वाचन के बाद नरसिंह दास ने पार्टी नेतृत्व और कार्यकारिणी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चौथी बार उन पर जताए गए विश्वास पर वह पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता सभी पार्षदों को साथ लेकर निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से कार्य करना तथा नगरवासियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कराना होगी।

बैठक का संचालन संयुक्त नगर आयुक्त कृष्णचंद ने किया। इस अवसर पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण राय, मदन मोहन तिवारी, अशोक मौर्य, माधुरी सिंह, सुशीला, इंद्रारानी, राजकपूर चौधरी, गोविंद प्रसाद सिंह, संजय कुमार केशरी, बलराम कन्नौजिया, संदीप रघुवंशी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित