भोपाल , अगस्त 07 -- मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र में आठ वर्षीय बालिका के कथित अपहरण, दुष्कर्म और हत्या की घटना को हृदयविदारक बताते हुए दोषी को शीघ्र कठोरतम सजा दिलाने की मांग की है।
श्री सिंघार ने जारी बयान में कहा कि यह घटना पूरे प्रदेश को झकझोर देने वाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बेटियां असुरक्षित हैं और राज्य सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के बढ़ते हौसलों पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है। उन्होंने प्रश्न किया कि क्या बेटियों की सुरक्षा केवल सरकारी दावों और विज्ञापनों तक सीमित रह गई है।
नेता प्रतिपक्ष ने मांग की कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर दोषी को शीघ्र कठोरतम सजा दिलाई जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को न्याय, समुचित आर्थिक सहायता और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जवाबदेही तय करने तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए ठोस कदम उठाने की भी मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित