श्रीगंगानगर , मई 15 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर शहर के कचरे के निपटान के लिए श्रीकरणपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत नरसिंहपुर बारानी में प्रस्तावित ठोस कचरा प्रबंधन संयंत्र के खिलाफ स्थानीय ग्रामीणों ने शुक्रवार को भारी विरोध प्रदर्शन किया।

नरसिंहपुर बारानी और आसपास के दर्जनों गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने विशाल जुलूस निकाला और जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि किसी भी हालत में गौशाला की दीवार से सटे इस संयंत्र को नहीं लगने देंगे।

ग्रामीणों का आरोप है कि यह संयंत्र राजनीतिक दबाव और साजिश के तहत बार-बार स्थानांतरित किया जा रहा है। पहले श्रीगंगानगर शहर के निकट 6-जेड क्षेत्र में प्रस्तावित संयंत्र को प्रभावशाली कॉलोनाइजर्स के दबाव में सादुलशहर विधानसभा क्षेत्र के नेतेवाला गांव भेज दिया गया। वहां भी विरोध के बाद अब इसे नरसिंहपुर बारानी स्थानांतरित कर दिया गया है।

जुलूस और प्रदर्शन की अगुवाई नरसिंहपुर बारानी के गौ रक्षा दल संयोजक मैसी चौधरी और महेंद्र खोथ ने की। जुलूस कलेक्ट्रेट के ट्रेजरी गेट पर पहुंचकर आम सभा में बदल गया। सभा को संबोधित करते हुए श्रीकरणपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं कांग्रेस जिला अध्यक्ष रुपिंदरसिंह रूबी ने कहा कि उनका क्षेत्र लावारिस नहीं है और ग्रामीणों की चिंताओं को गंभीरता से लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित