बैतूल , अप्रैल 01 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में नरवाई जलाने की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि इस पर रोक के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों पर जुर्माना भी वसूला जाए।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित नरवाई प्रबंधन संबंधी बैठक में कलेक्टर ने सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को तहसीलवार प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि नरवाई प्रबंधन से जुड़ी सभी गतिविधियां प्रभावी रूप से लागू की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम के हार्वेस्टर का संचालन नहीं किया जाएगा।
उन्होंने नरवाई प्रबंधन में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश भी दिए। चिचोली, भीमपुर एवं मुलताई के कृषि अधिकारियों को वेतन वृद्धि रोकने हेतु नोटिस जारी करने तथा आठनेर, भैंसदेही और मुलताई के तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित