शिवपुरी , जुलाई 26 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के नरवर स्थित प्राचीन ऐतिहासिक किले से प्राचीन विशाल तोप चोरी करने के मामले में पुलिस ने राजस्थान के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी में प्रयुक्त मिनी लोडिंग वाहन जब्त किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन मीणा और टिममू राम मीणा, दोनों निवासी जिला करौली (राजस्थान), के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को करौली पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया गया। सूत्रों के अनुसार आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त मिनी लोडिंग वाहन तथा करीब छह लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।

पुलिस ने बताया कि गत 15 और 16 जुलाई की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने नरवर के प्राचीन किले से ऐतिहासिक तोप चोरी कर ली थी। इस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए शिवपुरी पुलिस ने विशेष टीम गठित की थी। पुलिस ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित