शिवपुरी , अप्रैल 13 -- मध्यप्रदेश में शिवपुरी जिले के नरवर स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक किले में खजाने की तलाश के संदेह में अज्ञात लोगों द्वारा सुरंग खोदने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके से खुदाई में प्रयुक्त औजार जब्त किए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार किले में स्थित पसर देवी मंदिर के पास अज्ञात लोगों ने लगभग 20 फीट गहरी सुरंग खोदकर उसे झाड़ियों से ढक दिया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के दौरान खुदाई में उपयोग किए गए उपकरण बरामद किए।
उल्लेखनीय है कि नरवर का किला एक प्राचीन और विशाल दुर्ग है, जहां पूर्व में भी खजाने की तलाश में कई स्थानों पर अवैध खुदाई की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पहाड़ी पर स्थित यह किला ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित