बैतूल , अक्टूबर 09 -- मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शुक्रवार को नरखेड़, बोरगांव, देवभिलाई और देवगांव में विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। नरखेड़ के हाट बाजार में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने ग्राम पंचायत सचिव के वेतन में कटौती करने के निर्देश दिए।
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला नरखेड़ में कलेक्टर ने विद्यार्थियों से गणित के वर्गमूल और घनमूल से संबंधित प्रश्न पूछे। राष्ट्रीय मीन्स-कम-मेरिट छात्रवृत्ति (एनएमएस) और ओलंपियाड की तैयारियों की जानकारी लेने पर विद्यार्थियों का स्तर संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने शिक्षकों को शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए। हाई स्कूल में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए प्राचार्य से सामान्य ज्ञान बढ़ाने के लिए नियमित गतिविधियां संचालित करने को कहा। प्राथमिक शाला की छत की मरम्मत और आधार मजबूत करने के निर्देश भी दिए।
आंगनवाड़ी में कलेक्टर ने बच्चों से कविताएं सुनीं और एलईडी टीवी के माध्यम से संचालित शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने राशन दुकान और सहकारी समिति में खाद्यान्न भंडार, राशन पर्चियों तथा उर्वरकों की उपलब्धता की समीक्षा भी की।
नरखेड़ में स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने आजीविका गतिविधियों के लिए भवन उपलब्ध कराने की मांग रखी। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मुआवजा और अनुग्रह सहायता राशि नहीं मिलने की शिकायतों पर मुलताई एसडीएम तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने को कहा। बिजली और सिंचाई संबंधी समस्याओं के समाधान के निर्देश भी दिए।
बोरगांव में पंचायत के निर्माण कार्यों की लागत सार्वजनिक करने और पेयजल समस्या दूर करने को कहा। देवभिलाई के प्राथमिक विद्यालय में विद्यार्थियों से अंग्रेजी और संस्कृत के प्रश्न पूछकर उनके शैक्षणिक स्तर का आकलन किया। देवगांव में कम जलकर वसूली पर ग्रामीणों को समय पर राशि जमा करने के लिए प्रेरित करने और वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित